
500 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण पूरा; सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा जैकेट देकर किया गया सम्मानित
नवी मुंबई। शहरी गरीब नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने तथा स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शेल्टर एसोसिएट्स संस्था और नवी मुंबई महानगरपालिका की ओर से रबाले के कातकरी पाड़ा में विश्व शौचालय दिवस मनाया गया।

शेल्टर एसोसिएट्स संस्था महाराष्ट्र के छह शहरों में स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था द्वारा अब तक 30 हजार से अधिक व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया गया है। वहीं, नवी मुंबई में लगभग 4,600 परिवारों को घरों में व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
घणसोली विभाग कार्यालय के अंतर्गत आने वाली भीम नगर, कातकरी पाड़ा और आंबेडकर नगर बस्तियों में संस्था की ओर से व्यक्तिगत शौचालय निर्माण का कार्य जारी है। इन बस्तियों में अब तक 500 शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसी क्रम में एक नवनिर्मित शौचालय का उद्घाटन झोपड़पट्टी सुधार समिति की सभापति एवं स्थानीय नगरसेविका रंजना सोनवणे के हाथों फीता काटकर किया गया।
विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर सार्वजनिक शौचालयों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षा जैकेट वितरित कर सम्मानित किया गया। साथ ही बस्ती परिसर में सफाई का कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों का भी सत्कार किया गया। इस दौरान संस्था की ओर से बताया गया कि नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण को बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए उनके योगदान का सम्मान करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों ने केक काटकर विश्व शौचालय दिवस को अनोखे अंदाज में मनाया।
इस अवसर पर झोपड़पट्टी सुधार समिति की सभापति एवं नगरसेविका रंजना सोनवणे, घणसोली विभाग के स्वच्छता अधिकारी विजेंद्र जाधव, स्वच्छता निरीक्षक राजेश पारकर एवं विजय चौधरी उपस्थित थे।
इसके अलावा संस्था की मोबिलाइजर एवं ट्रेनर ज्योति शेळके, सामाजिक कार्यकर्ता प्रतीक बनसोडे, अरविंद राठोड, मनीषा सुर्वे, अताउल्ला शेख, प्रशांत बर्गे, सुनीता चलवादी तथा बस्ती में कार्यरत स्वयंसेविकाएं हिना शाह, मनश्री गिलबिले, कलावती वाघमारे, सरस्वती कांबले, सोनाली गिलबिले और प्रियांना वाघमारे मौजूद रहीं। पूर्व नगरसेविका गौतमी सोनवणे भी कार्यक्रम में उपस्थित थीं।

