
फल-मिष्ठान बांटकर बढ़ाया उत्साह, संगीत के बीच मनाई दिवाली की खुशियां
गाजीपुर : मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गाजीपुर पुलिस ने लंगरपुर स्थित नारी संरक्षण गृह एवं वृद्धाश्रम में पहुंचकर महिलाओं और बुजुर्गों के बीच अपनत्व और सम्मान का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने वहां निवासरत लोगों को फल और मिष्ठान वितरित किए। संगीत के माध्यम से उनका उत्साह बढ़ाया और आगामी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही संरक्षण गृह में रह रहे लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल का एहसास कराना रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और अधिकारों की रक्षा पुलिस के साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 181 और 1076 का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया। गाजीपुर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य असहाय महिलाओं और बुजुर्गों के बीच सकारात्मकता, सुरक्षा और सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष पल्लवी सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी रमेश यादव सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

