
जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, फरियादियों से शालीन व्यवहार के निर्देश
गाजीपुर : नवागत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लंबित फाइलों और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने आईजीआरएस सेल, शिकायत प्रकोष्ठ, आंकिक शाखा, एलआईयू और साइबर सेल समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित प्रभारियों से लंबित मामलों की जानकारी लेकर शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यालय में अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव करने के साथ साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। एसपी ने फरियाद लेकर आने वाले लोगों के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के प्रभावी निस्तारण से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत होगा।


