
By : तुराब खान

पुलिस वाहन में मारी टक्कर, ड्रोन से निगरानी कर अखनी गांव में चला तलाशी अभियान
कैमूर /भभुआ (बिहार) : नुआंव थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर जा रहे संदिग्धों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग और पुलिस वाहन में टक्कर मारकर भागने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बाइक और दो वाहन बरामद किए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने अखनी गांव की घेराबंदी कर ड्रोन से निगरानी करते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे नुआंव थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि अखनी गांव निवासी आरिफ खान अपने कुछ साथियों के साथ मैरून रंग की टाटा सफारी में अवैध हथियार लेकर दिलदारनगर से परसथुआ की ओर जा रहा है। गुड्डु यादव बुलेट बाइक से वाहन को स्कॉट कर रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तियरा नहर पुल और महस्था मोड़ के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक कार और टाटा सफारी को घेर लिया। आरोपियों ने पुलिस वाहन में टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अंधेरे का फायदा उठाकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने अखनी गांव की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। ड्रोन से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई और पुलिस की तत्परता से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिश खान पुत्र स्व निशार खान,फुलवदन यादव उर्फ गुड्डु यादव पुत्र महेन्द्र यादव,फैजान खान पुत्र स्व शमसाद खान और गुफरान खान पुत्र औरंगजेब खान सभी निवासी अखनी, थाना नुआंव, जिला कैमूर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से बाइक संख्या BR.45.R.0868, टाटा सफारी स्टॉर्म संख्या UP.14.EL.5438 और कार संख्या GJ.15.CD.5963 बरामद की है। मामले में अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

