कर्मनाशा नदी में मिला अज्ञात युवक का शव फैली सनसनी

By: Nooman Babar
May 10, 2023
144

सेवराई : (गाजीपुर) गहमर कोतवाली क्षेत्र के सायर गांव स्थित कर्मनाशा नदी के बीच में बुधवार को अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची गहमर पुलिस द्वारा शव को अपने सीमा क्षेत्र से बाहर बिहार की सीमा में होने की बात कही। इस दौरान करीब दो घंटे तक यूपी - बिहार पुलिस के बीच सीमा विवाद को लेकर शव पड़ा रहा। घंटों बाद बिहार पुलिस नदी से शव को लेकर चली गई। बिहार पुलिस द्वारा शव के शिनाख्त का भरपूर प्रयास किया गया, किंतु सफलता नहीं मिली।

जानकारी के अनुसार सायर गांव के सामने कर्मनाशा नदी किनारे नित्य क्रिया कर्म को निकले ग्रामीण नदी के बीच एक शव उतराता देख सन्न रह गए। कर्मनाशा नदी में मिले शव की सूचना जंगल में आग के सामान फैल गई। शव को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। गांव के सैकड़ों लोग कर्मनाशा नदी किनारे पहुंच गए। सूचना पर गहमर पुलिस मौके पर पहुंच गई। नदी के बीच शव को देखने के बाद अपने सीमा क्षेत्र से बाहर होने की बात कहते हुए इसकी जानकारी बिहार प्रांत के राजपुर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची राजपुर पुलिस ने भी शव को अपने सीमा क्षेत्र से बाहर यूपी की सीमा में होने की बात कही।

इस दौरान करीब दो घंटे तक यूपी-बिहार पुलिस सीमा विवाद को लेकर शव को लेने से इनकार करती रही। विवाद के निपटारे को लेकर सीमा क्षेत्र का आकलन कराने के लिए सेवराई तहसील से लेखपाल को बुलाया गया। हालांकि, तब तक राजपुर पुलिस शव को लेकर चली गई। राजपुर थानाध्यक्ष युसूफ ने बताया कि कर्मनाशा नदी में 29 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला है। युवक नीले रंग का टि - शर्ट और लोअर पहने हुए था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है।


Nooman Babar

Reporter - Khabre Aaj Bhi

Who will win IPL 2023 ?