
सेवराई (गाजीपुर) : तहसील क्षेत्र के नवली गांव निवासी अभिनेता विजय गुप्ता जल्द ही बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल की आगामी फिल्म ‘बंदर’ में अपने अभिनय का जलवा बिखेरते नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद उनके परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। गांव के लोगों में भी इस बात को लेकर उत्साह है कि उनके क्षेत्र का एक कलाकार फ़िल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रहा है।
फोन पर हुई बातचीत में विजय गुप्ता ने बताया कि फिल्म में उनका किरदार ‘साइलेंट मैन’ का है। कहानी के अनुसार कुछ लोग उन्हें झूठे आरोप में फंसाकर जेल भिजवा देते हैं। जेल जाने के बाद वह पूरी तरह खामोश हो जाते हैं और किसी से कोई बातचीत नहीं करते। फिल्म के अंतिम हिस्से में बॉबी देओल का किरदार भी उनके व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उसी तरह का हो जाता है। विजय का कहना है कि यह किरदार कहानी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

नवली गांव के रहने वाले विजय गुप्ता की पढ़ाई कोलकाता में हुई। वहीं से उनके अभिनय सफर की शुरुआत हुई। करीब 13 वर्षों तक उन्होंने कोलकाता में रंगमंच (थिएटर) किया। इसके बाद अभिनय के बड़े सपने को लेकर मुंबई पहुंचे और थिएटर के साथ-साथ फिल्मों में भी सक्रिय हो गए। प्रसिद्ध रंगकर्मी और अभिनेता मकरंद देशपांडे के साथ काम करने का अवसर मिलने के बाद उनके फिल्मी करियर को नई दिशा मिली।
विजय गुप्ता अब तक कई चर्चित फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। इनमें अब तक छप्पन, जागो, सरकार, प्रेयर्स फॉर रेन, सत्याग्रह, मांझी-द माउंटेन मैन और जॉली एलएलबी जैसी फिल्में शामिल हैं। अब वह एक बार फिर बॉबी देओल के साथ फिल्म ‘बंदर’ में सहायक अभिनेता के रूप में नजर आएंगे।
विजय गुप्ता ने बताया कि फिल्म ‘बंदर’ को टोरंटो फिल्म फेस्टिवल सहित कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना मिल चुकी है। यह फिल्म आगामी 5 जून को रिलीज होने वाली है। फिल्म में अपने प्रभावशाली अभिनय से विजय गुप्ता ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
फिल्मी दुनिया में सक्रिय रहने के बावजूद विजय गुप्ता अपनी मिट्टी और गांव से गहरा लगाव रखते हैं। व्यस्तता के बीच भी वह समय-समय पर अपने पैतृक गांव नवली आते रहते हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

