
साढ़े चार लाख के पटाखों के साथ तीन गिरफ्तार, बिना लाइसेंस भंडारण पर कार्रवाई
गाजीपुर : दीपावली से पहले जमानिया कस्बे में पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4.78 क्विंटल आतिशबाजी सामग्री बरामद की है। सोनार टोली स्थित एक गोदाम से बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सोनार टोली में औरंगजेब खान के गोदाम की जांच की गई। वहां से 478 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने बिना लाइसेंस पटाखों के भंडारण और बिक्री के आरोप में औरंगजेब खान पुत्र इकबाल खान, इश्तियाक पुत्र शकूर खान और मो. अर्श पुत्र रेयाज अहमद को गिरफ्तार किया।
इस मामले में जमानिया थाने में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह और उपनिरीक्षक राजकुमार यादव पुलिसकर्मियों के साथ शामिल रहे।

