तेज रफ्तार ट्रक ने हेड कांस्टेबल की ली जान,परिजनों में मचा कोहराम

By: Nooman Babar
Mar 02, 2023
243


सेवराई  : (गाजीपुर ) गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल 38 वर्षीय देवेंद्र कुमार की सोनभद्र के वाराणसी - शक्तिनगर मार्ग पर बुधवार को ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदार व गांव के लोग घर पर सांत्वना देने पहुंचे। बुधवार को ही छुट्टी काटकर देवेंद्र कुमार ड्यूटी पर वापस गए थे। उनकी मौत से परिजनों का रो - रोकर बुरा हाल है। गांव में शव आने का इंतजार चल रहा है।

सोनभद्र में थी पोस्टिंग

गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव निवासी नथुनी राम के पुत्र देवेंद्र कुमार सोनभद्र के बभनी थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। बुधवार की शाम को राबर्ट्सगंज से वह बाइक से बभनी जा रहे थे। बग्घानाला के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। देवेंद्र की नियुक्ति वर्ष 2011 में कांस्टेबल के पद पर हुई थी।

शाम तक गांव पहुंचेगा शव

घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। बभनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने जानकारी मृतक देवेंद्र के परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। घर पर सांत्वना देने रिश्तेदार व गांव के लोग पहुंच गए। मृतक देवेंद्र कुमार के पिता नथुनी राम और मां पवित्रा देवी  के अलावा दो छोटे भाई हैं। देवेंद्र कुमार की शादी बिहार के बक्सर जिले के बन्नी भरखरा गांव में हुई है। पत्नी प्रियंका पांच वर्षीय पुत्र देवांश व दो वर्षीय पुत्री प्रियांशी के साथ जनवरी 2022 से ही अपने मायके रहती है। देवेंद्र की मौत की ख़बर मिलते ही पिता, भाई व गांव के अन्य लोग सोनभद्र गए हैं। शाम तक शव गांव पहुंचेगा और उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


Nooman Babar

Reporter - Khabre Aaj Bhi

Who will win IPL 2023 ?