मुंबई में बारिश ने बनाया दरिया, जनता बेहाल

- मुंबई | विशेष रिपोर्ट
मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने महानगर की रफ्तार थाम दी है। शहर के कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें दरिया जैसी नजर आ रही हैं। चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
बारिश के बीच शहर के अलग-अलग इलाकों से पेड़ गिरने की कई घटनाएं भी सामने आई हैं। इन घटनाओं के कारण यातायातबाधित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।

नागरिकों का कहना है कि हर साल मानसून के दौरान जलभराव और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं दोहराई जाती हैं। ऐसे में लोग प्रशासन से सवाल कर रहे हैं कि मानसून पूर्व तैयारियों और सुरक्षा उपायों के बावजूद आखिर हर वर्ष ऐसी स्थिति क्यों बन जाती है?

प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है तथा प्रभावित क्षेत्रों में हालात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। वहीं नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर मुंबई की जल निकासी व्यवस्था और मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
