
भ्रष्टाचार पर अंकुश, पारदर्शी प्रशासन और ईमानदारी से नागरिकों को सेवा देने पर दिया गया जोर; करीब 600 कर्मचारी रहे उपस्थित
पनवेल : पनवेल महानगरपालिका की ओर से भ्रष्टाचार निरोधक विभाग, नवी मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में सतर्कता जनजागृति सप्ताह के अवसर पर मार्गदर्शन व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से महानगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार की रोकथाम, प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता तथा ईमानदारी के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में ठाणे परिक्षेत्र के भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के पुलिस अधीक्षक शिवराज पाटील, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागवत सोनवणे तथा नवी मुंबई भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के यूनिट प्रमुख धर्मराज सोनके उपस्थित थे।
इस अवसर पर मार्गदर्शन करते हुए पुलिस अधीक्षक शिवराज पाटील ने कहा कि समृद्ध भारत के निर्माण की जिम्मेदारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर है। उन्होंने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सतर्कता बरतने, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखने तथा नागरिकों को ईमानदारी से सेवाएं प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महानगरपालिका आयुक्त मंगेश चितळे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का प्रास्ताविक परिवहन प्रबंधक कैलास गावडे ने किया, जबकि उपायुक्त डॉ. वैभव विधाते ने आभार व्यक्त किया।
इस दौरान उपायुक्त स्वरूप खारगे, नानासाहेब कामठे, मंगला माळवे, अभिषेक पराडकर, सहायक आयुक्त बाळाराम रातांबे और डॉ. रुपाली माने सहित महानगरपालिका के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में महानगरपालिका के लगभग 600 कर्मचारियों ने भाग लिया।
भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का संकल्प
सतर्कता जनजागृति सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए नैतिक मूल्यों की रक्षा करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की शपथ ली।

