
.32 बोर की पिस्टल, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद
गाजीपुर : भांवरकोल थाना क्षेत्र में 13 अक्तूबर को हुई फायरिंग की घटना में दो लोगों के घायल होने के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी तीसरा आरोपी सर्वेश राय उर्फ सिट्टू को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

