
25-25 हजार के इनामी बदमाशों ने 13 अक्तूबर को दो लोगों को मारी थी गोली, एक के पैर में लगी गोली
गाजीपुर : भांवरकोल थाना क्षेत्र में दो लोगों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में वांछित दो इनामी आरोपियों को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी आशुतोष राय उर्फ आशु उर्फ बिट्टू के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्तूबर को भांवरकोल थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। मामले में सुखडेहरा गांव निवासी आशुतोष राय और गोड़ी खास निवासी उपेंद्र राय वांछित थे। रविवार को थानाध्यक्ष भांवरकोल की टीम ने दोनों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक देसी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आशुतोष पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी आशुतोष राय के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उपेंद्र राय के खिलाफ भी पूर्व में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

