
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों नागपुर में ‘न्यू एरा हॉस्पिटल’ का उद्घाटन
नागपुर (महाराष्ट्र ) : आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना को अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। यह प्रतिपादन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। वे शनिवार को नागपुर के वर्धमान नगर में ‘न्यू एरा हॉस्पिटल’ के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों न्यू एरा हॉस्पिटल का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नागपुर को मेडिकल हब के रूप में जाना जाता है। देश में आधुनिक और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है, जिससे मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल रहा है। भारत में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए विभिन्न देशों के नागरिक भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि आम नागरिक इन सुविधाओं का लाभ किफायती दरों पर उठा सकें। इसी उद्देश्य से महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना में 2,400 बीमारियों को शामिल किया गया है। इस योजना को अधिक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से लागू करने पर सरकार का विशेष जोर रहेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यू एरा हॉस्पिटल के माध्यम से नागपुर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को बेहतर उपचार के विकल्प प्राप्त होंगे।
ये गणमान्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधायक चैनसुख संचेती, विधायक कृष्णा खोपड़े, न्यू एरा हॉस्पिटल के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. आनंद संचेती, पूर्व सांसद अजय संचेती, लोकमत मीडिया समूह के अध्यक्ष विजय दर्डा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

