
सेवराई (गाजीपुर) : तहसील क्षेत्र के दलपतपुर गांव में बंजर भूमि पर दबंगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्राम दलपतपुर निवासी संजय ठाकुर ने इस संबंध में सेवराई एसडीएम गजराज सिंह यादव को प्रार्थना पत्र सौंपकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
प्रार्थी संजय ठाकुर ने बताया कि मौजा दलपतपुर का गाटा संख्या 44 बंजर खाते में दर्ज सरकारी भूमि है। गांव के ही अगल-बगल के कुछ काश्तकारों ने उक्त भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। आरोप है कि कब्जेदार दबंग किस्म के व्यक्ति हैं और पैसे के बल पर मिलीभगत कर कब्जा बनाए हुए हैं।

प्रार्थी का कहना है कि उसने कई बार राजस्व विभाग में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन राजस्व टीम द्वारा हीलाहवाली कर गलत रिपोर्ट लगा दी जाती है, जिससे आज तक कब्जा नहीं हट सका है। सरकारी भूमि पर लगातार अतिक्रमण से सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है।
पीड़ित ने एसडीएम से मांग की है कि गाटा संख्या 44 की राजस्व टीम गठित कर पैमाइश कराई जाए और अवैध कब्जे को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया जाए। इस संबंध में एसडीएम गजराज सिंह यादव ने प्रार्थना पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

