
नवी मुंबई : वाशी इलाके से नवी मुंबई महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग में लेबर के रूप में कार्यरत एक कर्मचारी का कथित रूप से आपत्तिजनक और धमकी भरा वीडियो सामने आया है। वीडियो में अतिक्रमण कार्रवाई के बाद जवाब मांगने पहुंचे एक मराठी दुकानदार के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दिए जाने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि अतिक्रमण विभाग की कार्रवाई के बाद संबंधित दुकानदार ने कर्मचारी से कार्रवाई को लेकर सवाल किया था। इसी दौरान कर्मचारी ने कथित रूप से “तेरे घर में आकर तेरी पत्नी के साथ बैठ जाऊंगा” जैसी अश्लील और आपत्तिजनक धमकी दी।

इस कथित वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों में काफी आक्रोश है। नागरिकों का आरोप है कि मनपा के अतिक्रमण विभाग में काम करने वाले किसी कर्मचारी द्वारा इस तरह की भाषा और धमकी का इस्तेमाल करना गंभीर मामला है।
नागरिकों ने मांग की है कि वीडियो की तत्काल जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया जाए और मनपा प्रशासन द्वारा भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के व्यवहार और अधिकारों की भी जांच करने की मांग उठ रही है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है। प्रशासन और पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

